सिरसा : हरियाणा के सिरसा जिला भर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने एक महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कालांवाली क्षेत्र से एक युवक को एक किलो 500 ग्राम अफीम के साथ काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस इसकी कीमत करीब तीन लाख रुपए आंक रही है। पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान चनारिक पुत्र तेतर सिंह निवासी टोला चेडी थाना छकरबंधा,बिहार के रूप मे हुई है ।
उन्होंने बताया कि सीआईए डबवाली की एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान कालांवाली क्षेत्र में मौजूद थी । इसी दौरान सामने से आ रहे युवक ने सामने पुलिस पार्टी को देखकर वापस मुड़कर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर उक्त युवक को काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जा से एक किलो 500 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए युवक के खिलाफ कांलावाली थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगे जांच शुरु की गई । उन्होंने बताया कि पकड़े गए युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
