जयपुर : राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने धौलपुर जिले में सैंपऊ तहसील के मालोनी खुर्द पटवार हल्के के पटवारी सुशील को भूमि का बंटवारा कर उसे ऑनलाईन चढ़ाने की एवज में पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए शनिवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने बताया कि परिवादी ने एसीबी की धौलपुर इकाई को शिकायत की कि उसकी खरीदशुदा भूमि का अलग अलग बंटवारा कर अलग अलग ऑनलाईन चढ़ाने की एवज में पटवारी दस हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहा है।
इस पर एसीबी धौलपुर इकाई के उपाधीक्षक सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज मय टीम के ट्रेप कार्यवाही करते हुए श्री सुशील को परिवादी से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लेखनीय है कि आरोपी ने शिकायत से पूर्व ही परिवादी से पांच हजार रुपए रिश्वत के रुप में ले लिए थे। एसीबी के महानिरीक्षक सवाई सिंह गोदारा के नेर्दशन में आरोपी से पूछताछ जारी है ।
पटवारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
