गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर में रहेगा उमस भरा मौसम

श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में अगले छह दिनों के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में अगले छह दिनों तक गर्म और आर्द्र मौसम जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने और गरज के साथ बिजली कड़कने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है, लेकिन 23 जून तक दोपहर या शाम को हल्की वर्षा या आंधी आने के अनुमान हैं।
गर्म और उमस भरे मौसम को छोड़कर इस सप्ताह तेज बारिश का अनुमान नहीं है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य 14.8 डिग्री सेल्सियस से 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन का तापमान भी सामान्य 28.4 डिग्री सेल्सियस से 3.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जबकि कोकेरनाग में 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दक्षिण कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान पिछली रात के 8.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यह 10.8 डिग्री सेल्सियस था, यह उत्तरी कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट के लिए सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि कुपवाड़ा में सोमवार को लगातार दूसरे दिन 13.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया और यह कश्मीर के सीमावर्ती जिले के लिए सामान्य रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *