श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में धर्म स्थलों में चोरी की वारदातें करने वाले गिरोह का आज पर्दाफाश करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 में नई खुंजा के पीछे रहने वाले संदीप उर्फ बुग्गी मेघवाल(18) तथा टिब्बी थाना क्षेत्र में चक मल्लडखेड़ा निवासी सतपाल रायसिख (20)को गिरफ्तार किया गया है।
इन दोनों युवकों ने अपने कई अन्य साथियों के साथ मिलकर हनुमानगढ़ जिले के फतेहगढ़ गोदारा, श्यामसिंहवास, फतेहगढ़ पुरुषोत्तमवास के गुरुद्वारों, हनुमानगढ़ टाउन में शनि मंदिर, श्याम मंदिर, करणीसर गुरुद्वारा नानकसर, गुरुद्वारा सिंह सभा, टिब्बी कस्बे के दो गुरुद्वारों, सिलवाला खुर्द गुरुद्वारा, सहारनी गांव के मंदिर, कुलचंद्र गांव के मंदिर, बशीर गांव के मंदिर, सहजीपुरा गुरुद्वारा, पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव भागसर के गुरुद्वारा, लखासर मोड़ गांव में हनुमान मंदिर, दुलमाना गांव के मंदिर,हनुमानगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव माणुका में चोरी की एक वारदात तथा श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर थाना क्षेत्र के गांव लालबाई में गुरुद्वारा, मंदिर तथा गौशाला, सूरतगढ़ में 1-1 मंदिर और गुरुद्वारा में चोरी करना स्वीकार किया है।
इसके अलावा हनुमानगढ़ जिले में सदर थाना क्षेत्र के गांव बहलोलनगर के शराब ठेका, पीलीबंगा थाना क्षेत्र के गांव दुलमाना में शराब ठेका और हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत श्यामसिंह वाला के पंचायत घर में चोरी करना स्वीकार किया है।
