गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गहलोत ने बिपरजॉय प्रभावितों क्षेत्रों का किया हवाई सर्वे

जयपुर : अशोक गहलोत ने मंगलवार को बाड़मेर जिले में बिपरजॉय चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया। गहलोत ने जिले के चौहटन, धनाऊ और आसपास के क्षेत्रों में सर्वे करने के बाद प्रभावितों से मुलाकात भी की। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा बिपरजॉय को गंभीरता से लेकर पूर्व में ही तैयारियां कर ली गई थीं। हालांकि कच्चे मकानों, पशुओं और विद्यालय भवनों को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कराकर नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। गहलोत ने कहा कि 15 हजार से अधिक लोगों को बिपरजॉय आने से पूर्व ही शिफ्ट किया गया था। साथ ही लगभग दो हजार लोगों को बचाव टीमों द्वारा रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

आर्मी सहित एसडीआरएफ की 17 और एनडीआरएफ की आठ टीमों सहित राहत एवं बचाव कार्यों में आपदा मित्रों, नागरिक सुरक्षा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश में क्षतिग्रस्त हुए सड़क, बिजली पोल और ट्रांसफॉर्मर एवं अन्य हुए नुकसान की शीघ्र मरम्मत के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
गहलोत ने आमजन से अपील की है कि वे नदी या अन्य जलभराव वाले स्थानों पर नहीं जाएं। बच्चों को तैरने से रोके तथा पानी के तेज बहाव में पैदल अथवा वाहन से नहीं गुजरें। किसी अनहोनी के अंदेशा होने पर प्रशासन को तुरंत सूचित करें। इस दौरान आपदा प्रबंधन एवं सहायता मंत्री गोविंद राम मेघवाल, बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन, जिला कलक्टर अरूण कुमार पुरोहित एवं पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद भी मौजूद थे।
गहलोत ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर बिपरजाॅय तूफान से हुए नुकसान को लेकर समीक्षा बैठक भी ली और स्थितियों एवं राहत कार्यों पर निरन्तर निगरानी रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया तथा वायुसेना एवं सेना के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए थे।
आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा बैठक में बताया गया कि इस तूफान के कारण बाड़मेर, जालोर, पाली, सिरोही एवं राजसमंद जिलों में अत्यधिक वर्षा हुई है। इस कारण गत तीन दिनों में बाड़मेर में 192.37, जालोर में 419.10, सिरोही में 464.66, पाली में 318.70 एवं राजसमंद में 251.92 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। बूंदी एवं सवाईमाधोपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *