गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विश्व कप की तैयारी के लिये शिविर लौटेगी जूनियर टीम

नई दिल्ली : हॉकी इंडिया ने मंगलवार को बेंगलुरु के भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में 21 जून से 31 जुलाई तक होने वाले जूनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिये 40 सदस्यीय कोर संभावित समूह की घोषणा की। इस समूह के 30 खिलाड़ी जहां 21 जून को कोच सीआर कुमार को रिपोर्ट करेंगे, वहीं बचे हुए खिलाड़ी राउरकेला में चल रही 13वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2023 के समापन के बाद दो जुलाई को साई केंद्र पहुंचेंगे।
अनुभवी कोच सीआर कुमार के नेतृत्व में भारतीय युवा इस शिविर के दौरान पांच से 16 दिसंबर 2023 तक मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित होने वाले एफआईएच जूनियर हॉकी पुरुष विश्व कप के लिये तैयारी करेंगे। इस महीने की शुरुआत में ओमान में पुरुष जूनियर एशिया कप 2023 जीतने के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास और उत्साह से भरी हुई है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने न सिर्फ जूनियर पुरुष विश्व कप के लिये क्वालीफाई किया, बल्कि जूनियर पुरुष एशिया कप में सबसे अधिक खिताब (चार) जीतने का नया रिकॉर्ड भी बना लिया है।
कोच कुमार ने आगामी शिविर के बारे में कहा, “खिलाड़ी हाल ही में जूनियर एशिया कप में उत्कृष्ट थे और इसलिए उन्होंने ट्रॉफी जीती। अब हमें उस जीत से आगे बढ़ना होगा और अपने अगले बड़े टूर्नामेंट पर ध्यान देना होगा, जो विश्व कप है। इसलिये खिलाड़ी आगामी शिविर में गहन प्रशिक्षण सत्रों के लिये खुद को समर्पित करके अपनी तैयारी शुरू करेंगे, अपने कौशल को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने के लिये अपनी सीमाओं को आगे बढ़ाएंगे।”
उन्होंने कहा, “इसके अलावा, हम टीम की नींव को मजबूत करने और उनके रणनीतिक दृष्टिकोण को ठीक करने के लिये अपने प्रयासों को समर्पित करेंगे, जो कि विश्व कप जैसे चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये बहुत आवश्यक है।” जूनियर पुरुष राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिये नामित खिलाड़ी : प्रतीक निगम, रणविजय सिंह यादव, चेतन शर्मा, आदित्य सिंह, इनोसेंट मुंडा, अमित कुमार यादव, सहबाज खान, लबन लगन, विश्वास जी, सतीश बालू, मोहित एचएस, अमनदीप लाकड़ा, शारदा नाडा तिवारी, सिरिल लगन, वारीबम नीरज कुमार सिंह, सुनील जोजो, अब्दुल अहद, राजिंदर सिंह, विष्णु कांत सिंह, पूवन्ना सीबी, उत्तम सिंह, बॉबी सिंह धामी, सुदीप चिरमाको, अंगद बीर सिंह, अरिजीत सिंह हुंदल, गुरजोत सिंह, अरुण साहनी, आदित्य लालगे, सुनील लाकड़ा, अमनदीप, मोहित कर्मा, रोहित, हिमवान सिहाग, सुखविंदर, नीरज, आमिर अली, सौरभ आनंद कुशवाहा, मनोज यादव, बी.आर. बिपिन, और योगम्बर रावत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *