भदोही : उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के ज्ञानपुर कोतवाली इलाके के कुरैंया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाईयों के परिवार के बीच जम कर मारपीट हुयी जिसमें आठ लोग घायल हो गये। सभी को जिला अस्पताल महाराजा चेत सिंह में भर्ती कराया गया है। ज्ञानपुर थानाध्यक्ष अश्विनी त्रिपाठी ने बताया कि कुरैंया गांव में मंगलवार को सियाराम गौतम व बनवारी गौतम नामक दो सगे भाईयों के बीच जमीनी रंजिश को लेकर मारपीट हुई है। विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर दोनो सगे भाईयों के परिवार वाले आपस में भिड़ गये।
दोनो पक्षों की तरफ से जमकर मारपीट हुई है। मारपीट में एक पक्ष से सियाराम गौतम (50), गेना देवी (45), राहुल (23), सोनू (21) और दूसरे पक्ष से बनवारी (58), विनोद कुमार (24), विनय कुमार (15), राज कुमार (22) घायल हुए हैं। मारपीट में गंभीर रूप से घायल सियाराम व बनवारी को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया है। दोनो पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
