गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

रज़ा का तूफानी शतक, ज़िम्बाब्वे ने नीदरलैंड पर आसान जीत

हरारे : सिकंदर रज़ा (चार विकेट, नाबाद 102 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन और शॉन विलियम्स (58 गेंद, 91 रन) के आतिशी अर्द्धशतक की बदौलत ज़िम्बाब्वे ने एकदिवसीय विश्व कप क्वालीफायर में मंगलवार को नीदरलैंड पर छह विकेट की आसान जीत दर्ज की। नीदरलैंड ने ज़िम्बाब्वे के सामने 316 रन का विशाल लक्ष्य रखा, लेकिन ज़िम्बाब्वे ने यह लक्ष्य मात्र 40.5 ओवर में हासिल कर लिया।
ज़िम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, हालांकि नीदरलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने डच टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। मैक्स ओ’डाउड और विक्रमजीत सिंह ने पहले विकेट के लिये 120 रन की विशाल साझेदारी की, जिसमें मैक्स ने 59 रन का योगदान दिया। मैक्स ने 67 गेंद की पारी में 10 चौके लगाये और रज़ा ने उन्हें आउट करके यह साझेदारी तोड़ी।
विक्रमजीत सिंह शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन रज़ा ने उन्हें 88 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। इसके अलावा रज़ा ने वेस्ले बरेसी और बास डी लीड को भी छोटे-छोटे स्कोरों पर पवेलियन लौटाकर नीदरलैंड को करारे झटके दिये। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (72 गेंद, 83 रन) हालांकि क्रीज पर जमे रहे और नीदरलैंड को 50 ओवर में 315 रन के स्कोर तक पहुंचाया।
यह स्कोर हालांकि मेज़बान ज़िम्बाब्वे के लिये बहुत छोटा साबित हुआ। क्रेग इर्विन (48 गेंद, 50 रन) ने जॉयलॉर्ड गम्बी (55 गेंद, 40 रन) के साथ पहले विकेट के लिये 80 रन की साझेदारी करके ज़िम्बाब्वे को ज़ोरदार शुरुआत दी। वेस्ले माधेवेरे (10) बड़ा योगदान नहीं दे सके, लेकिन विलियम्स और रज़ा ने चौथे विकेट के लिये 60 गेंद पर 84 रन की साझेदारी कर नीदरलैंड को मैच से बाहर कर दिया।
विलियम्स 58 गेंद पर 10 चौकों और दो छक्कों की बदौलत 91 रन बनाकर आउट हो गये, जिसके बाद रज़ा ने अपना शतक पूरा किया और छक्का जड़कर ज़िम्बाब्वे को जीत दिलाई। रज़ा ने 54 गेंद पर छह चौकों और आठ छक्कों के साथ नाबाद 102 रन बनाये, जो ज़िम्बाब्वे के लिये एकदिवसीय क्रिकेट का सबसे तेज शतक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *