चंडीगढ़ : पंजाब के ऊर्जा मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बुधवार को बताया कि पी. एस. पी. सी. एल द्वारा 21 जून को 14960 मेगावाट की अब तक की बिजली की सबसे अधिक माँग को पूरा किया। इसके लिए उत्तरी ग्रिड से कुल 8716 मेगावाट बिजली ली गई। ईटीओ ने कहा कि राज्य में धान की फ़सल की बुवाई के लिए कृषि फीडरों को रोज़मर्रा के आठ घंटे निर्विघ्न बिजली आपूर्ति के साथ-साथ किसी भी औद्योगिक, ग़ैर-रिहायशी सप्लाई (एन. आर. एस) या घरेलू वर्ग पर कोई बिजली कट नहीं लगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने पिछले साल की तरह राज्य भर में धान की बुवाई चरणबद्ध ढंग से शुरू करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ हिस्सों में धान की बुवाई 10 जून से शुरू हुई, जबकि बाकी के हिस्से 16, 19 और 21 जून को कवर किये गए। उन्होंने कहा कि इस बुवाई विधि को प्रभावशाली ढंग से लागू करने के लिए राज्य को चार ज़ोनों में बांटा गया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों के दौरान पी. एस. पी. सी. एल 14000 मेगावाट से अधिकतम माँग को सफलतापूर्वक पूरा कर रहा है।
ऊर्जी मंत्री ने कहा कि राज्य में लगभग 6500 मेगावाट उत्पादन है और केंद्र सरकार और बी. बी. एम. बी प्लांटों में राज्य का 4800 मेगावाट हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पी. एस. पी. सी. एल ने पहले ही 3000 मेगावाट के लिए बैंकिंग में थोड़े समय के प्रबंध किये हैं और 9000 मेगावाट की कुल उपलब्ध ट्रांसमिशन क्षमता के प्रयोग के साथ पी. एस. पी. सी. एल इस धान के सीजन के दौरान 15500 मेगावाट की माँग को पूरा करने के योग्य हो जायेगा। उन्होंने ने कहा कि भारत सरकार के बिजली मंत्रालय द्वारा केंद्रीय सेक्टर से अतिरिक्त 1000 मेगावाट बिजली नहीं दिए जाने के कारण बिजली की ज़रूरत को पूरा करने के लिए एक्सचेन्ज से बिजली ख़रीदी जा रही है।
पंजाब : बिजली की मांग 14960 मेगावाट के पार
