देवरिया : उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरूवार को कहा कि सत्ता पाने की अभिलाषा में एकजुट होने का दिखावा कर रहे विपक्षी दलों को जनता अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में आइना दिखायेगी और सेवा, सुशासन और विकास परक कार्यों से पहचान बनाने वाले नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने का जनादेश मिलेगा।
मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के बाद गुरूवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अगुआई में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। पहले सबसे ज्यादा परेशानी गरीब लोगों को इलाज के समय आती थी। वह पैसे के अभाव में अपना बेहतर इलाज नहीं करवा पाते थे लेकिन अब मोदी सरकार की आयुष्मान भारत योजना से गरीबों का इलाज समय से और बेहतर संभव हो पा रहा है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार ने कई योजनाओं को चला कर की है।
उन्होंने अपनी सरकार का बखान करते हुए कहा कि हर गांव को पीएम सड़क बनवा कर जोड़़ने का काम किया जा रहा है। सभी गांवों में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। हर व्यक्ति तक शुद्ध जल पहुंचे इसके लिये हर घर जल योजना से तेजी से काम सरकार करवा रही है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यापारियों को लाभान्वित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का काम सरकार द्वारा किया जा रहा है।नरेंद्र मोदी सरकार की उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, हर घर नल योजना, मुफ्त राशन योजना, जन धन योजना, स्टार्टअप योजना, किसान सम्मान निधि योजना, मुद्रा ऋण योजना आदि जैसी अनेक लाभकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।
शाही ने कहा कि कोरोना के समय जब पूरा लॉकडाउन था तब लोगों तक सभी सामान पहुंचाने का काम सरकार ने किया। तबसे अब तक लोगों को मुफ्त राशन देने का काम भी सरकार कर रही है। लॉकडाउन के समय महिलाओं के खाते में एक हजार रुपये भी मोदी सरकार ने देने का काम किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही लोगों की सरकार से उम्मीदें बढ़ गईं। लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए मोदी सरकार ने पहले ही दिन से जमीनी स्तर पर कार्य करना शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले कार्यकाल में जन धन योजना के तहत बिना पैसे के खाते खोलने,उज्जवला के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन देने,स्वच्छ भारत के तहत शौचालय बनाने का ऐलान किया तो विपक्ष ने मजाक उड़ाया। लेकिन देश की जनता यह जानती थी कि यह सब उनके भले के लिये है, तो जनता ने विपक्ष को जबाब दिया और 2019 में पुनः आशीर्वाद देकर नरेंद्र मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री बनाया।
कृषि मंत्री शाही ने कहा कि भाजपा सरकार में अनाज एवं फल मंडियों का सुदृढ़ीकरण हुआ है। मंडियों में किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं सरकार ने मुहैया कराए हैं। खरीद में पारदर्शी व्यवस्था लागू किया है। इससे किसान मंडियों में जाकर अपने फल, अनाज और सब्जी को उचित मूल्य पर बेच सकते हैं। इससे उनकी आय दुगुना होगी। उन्होंने कहा कि आज विदेशों में दूसरे देश के नेता मोदी को बॉस कहते है,उनके आटोग्राफ मांगते है ।इससे यह प्रमाणित होता है कि आज भारत का मस्तक विदेश मे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कितना ऊंचा हुआ है।
जनता फिर बनायेगी मोदी को प्रधानमंत्री
