नई दिल्ली : नरेश कुमार ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली के हर घर को नल से जल देने और टैंकर व्यवस्था समाप्त करने की बात की थी लेकिन उनका यह वादा हवाई साबित हुआ। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता ने कहा कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) से मिली सूचना ने मुख्यमंत्री केजरीवाल की पानी को लेकर किये वादे की पोल खोल दी है। वह हर घर को 700 लीटर पानी फ्री देने की बात करते थे लेकिन लोग त्राहिमाम कर रहे हैं। आरटीआई से खुलासा हुआ है कि 2015 से लेकर 2023 तक केजरीवाल ने कोई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट नहीं लगाया।
डा.नरेश कुमार ने कहा कि श्री केजरीवाल यह कहते नहीं थकते कि वे पानी के टैंकर खत्म कर देंगे लेकिन आरटीआई से मिली जानकारी में टैंकर दोगुने हो गए हैं। वह अनाधिकृत कालोनियों में नालियां बिछाने की बात करते थे लेकिन यह वादा बिल्कुल हवा- हवाई साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता को हर घर में नल से पानी देने का वादा किया था लेकिन वर्ष 2015 में 567 टैंकरों की तुलना में 31 दिसंबर 2021 को टैंकरों की संख्या दो गुना 891 हो गई।
वहीं दूसरे राज्यों से दिल्ली को मिलने वाले पानी की मात्रा में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2015 में जल बोर्ड का ऋण 30,838 करोड़ रूपये था जो 31 मार्च 2021 में बढ़कर दो गुना 57,899 करोड़ रूपये हो गया है। इस अवधि में केजरीवाल सरकार द्वारा सिर्फ़ नया ऋण ही लिया गया है।
