गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मानसून संपूर्ण मध्यप्रदेश में पहुंचा

भोपाल : दक्षिण पश्चिम मानसून मध्यप्रदेश के पूर्वी अंचल के जिलों से प्रवेश करने के एक दिन बाद आज संपूर्ण राज्य में पहुंच गया है और इसके प्रभाव से अनेक स्थानों पर वर्षा का क्रम जारी है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार मानसून ने कल मंडला, बालाघाट जिले में प्रवेश किया था और इसके प्रभाव से उस अंचल में वर्षा हुयी। इसके बढ़ने का क्रम लगातार जारी रहा और आज यह पूरे प्रदेश में पहुंच गया। राजधानी भोपाल में आज भी अपरान्ह बाद वर्षा हुयी।
केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के रीवा, इंदौर और उज्जैन संभागों के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, भोपाल, चंबल और शहडोल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर, ग्वालियर और सागर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर तथा जबलपुर संभाग के जिलों मेंं कहीं कहीं बारिश हुयी। नर्मदापुरम संभाग के जिलों में मौसम शुष्क रहा।

इस अवधि में चुरहट, माड़ा, बीना, भिंड, मेहगांव, चौरई और मनगवां आदि क्षेत्रों में व्यापक वर्षा दर्ज की गयी। बारिश के कारण दिन के तापमान में काफी गिरावट आयी है और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है, हालाकि अपेक्षाकृत कम बारिश वाले क्षेत्रों में उमस से लोग परेशान रहे।
आगामी 24 घंटों के दौरान छिंदवाड़ा और सिवनी जिलों में अतिभारी वर्षा और गरज चमक की संभावना व्यक्त की गयी है। वहीं बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अशोकनगर, ग्वालियर और दतिया जिलों में भारी वर्षा की भविष्यवाणी की गयी है। शेष जिलों में गरज चमक के साथ मामूली बारिश हाे सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले पांच छह दिनों में कम दबाव का क्षेत्र और अरब सागर से आने वाले एक सिस्टम के कारण संपूर्ण मध्यप्रदेश में बारिश की संभावना रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *