श्रीनगर : केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में सोमवार को बारिश होने से प्रदेशवासियों को जहां गर्मी से राहत मिली वहीं अगले कुछ दिनों में ज्यादा बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। मौसम विभाग ने केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंचने की घोषणा की है और कहा कि अगले कुछ दिनों के दौरान मानसून की स्थिति प्रबल होने का अनुमान है।
केंद्र शासित प्रदेश में आज और मंगलवार को मध्यम से भारी बारिश होने और 28-29 जून को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इससे प्रदेशवासियों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम कार्यालय ने आज कहा कि प्रदेश में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और अगले 24 घंटों के दौरान सुबह के समय जम्मू क्षेत्र के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होगी जबकि भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने परामर्श जारी किया है कि बारिश के कारण संवेदनशील स्थानों, विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा हो सकता है और नदियों, नालों में जल स्तर बढ़ने की भी उम्मीद है। पिछले 24 घंटे में आज सुबह साढ़े आठ बजे तक श्रीनगर में 26.8 मिमी, काजीगुंड में 50.2 मिमी, पहलगाम में 10.7 मिमी, कुपवाड़ा में 3.7 मिमी, कोकेरनाग में 20.4 मिमी, गुलमर्ग में 12.2 मिमी, जम्मू में 41.2 मिमी, बनिहाल में 32.8 मिमी, बटोटे में 62.2 मिमी, कटरा में 30.8 मिमी, भदरवाह में 10.2 मिमी और कठुआ में 108.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह 19.8 डिग्री सेल्सियस था और यह केन्द्रशासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी में यह तामान सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में पिछली रात के 19.2 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले 15.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
जम्मू कश्मीर में ज्यादा बारिश होने का अनुमान
