गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जनादेश के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी जनता

लखनऊ : अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा जनादेश के साथ खिलवाड़ अब जनता बर्दाश्त करने वाली नहीं है। यादव ने जारी बयान में कहा कि भाजपा जबसे सत्ता में आई है देश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक सद्भाव तथा लोकतंत्र को तहस-नहस करने पर तुली है। भाजपा लोकसभा चुनाव 2024 की पवित्रता भी नष्ट करने की रणनीति बनाने में लगी है जबकि सपा आगामी लोकसभा चुनाव को पूरी गंभीरता से ले रही है।

बूथस्तर तक संगठन को मजबूती दी जा रही है। प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा की साजिशों और चुनावी हथकंड़ो से परिचित कराया जा रहा है। भाजपा ने विकास के नाम पर जनता को जो धोखा दिया है उसको घर-घर, जन-जन तक पहुंचाने का सपा का संकल्प है।
उन्होने कहा कि समाजवादी सरकार में जो उल्लेखनीय विकास कार्य बिजली, सड़क, नदियों की सफाई और प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण के साथ वृहद वृक्षारोपण आदि हुए थे, भाजपा सरकार उन विकास कार्यो को बर्बाद करने पर तुली हैं। भाजपा ने जनता को परेशान करने के सिवाय और कुछ नहीं किया है। किसान, नौजवान, व्यापारी, शिक्षक सभी परेशान है। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज में सरकारी और प्रशासनिक उत्पीड़न से जनता क्षुब्ध और आक्रोशित है। बेलगाम भाजपाईयों और पुलिस के द्वारा गरीबों के घर उजाडे़ जा रहे हैं। कभी भी किसी का बुलडोजर से घर गिरा दिया जाता है। पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव पूर्ण कार्यवाही भाजपा सरकार की पहचान बन गयी है।
भाजपा सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा अब जनता के सामने उजागर है। संवैधानिक संस्थाओं को योजनानुसार कमजोर किया जा रहा है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। नागरिक अधिकार छीने जा रहे हैं। संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा को शिकस्त देने के लिए हर स्तर पर तैयार रहना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *