गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

खेत में मिला विवाहिता का शव

हरदोई : उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शाहबाद कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम एक विवाहित महिला का शव गन्ने के खेत में पड़ा पाया गया है। मृतक के परिजनों ने पति और उसके दोस्तों पर मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार वालों का आरोप है कि मेले में झूले पर दो युवकों के साथ बैठ जाने की वजह से पति नाराज था और उसने पहले युवती के मायके में ही उसकी पिटाई की और उसके बाद अपने दोस्तों के संग पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी।

गन्ने के खेत में महिला का शव पड़े होने की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के बाद मौत के कारणों की जांच के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है सूत्रों ने बताया कि मृतक महिला की शिनाख्त शाहजहांपुर जिले के घटनास्थल से बगल के सेहरामऊ थाने के सूरजपुर गांव के रहने वाले विजय कुमार की पुत्री चांदनी के रूप में हुई।

परिवार वालों का आरोप है कि चांदनी का विवाह एक साल पूर्व सीतापुर जिले के चंदौली थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के प्रवेश कुमार के साथ हुआ था। प्रवेश अपनी ससुराल आया हुआ था जहां से प्रवेश उसकी पत्नी मृतका की बहन और प्रवेश के कुछ दोस्त सेहरामऊ कस्बे में लगा मेला देखने गए थे।

मेला देखने के दौरान चांदनी एक झूले पर बैठ गई जिस पर दो और युवक भी बैठे थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में मेले में विवाद हुआ और मेले से वापस घर लौटने पर मारपीट हुई। उसके बाद वो चांदनी को शाहाबाद जाने की बात कहकर निकला था जहां उसने रास्ते में अपने कुछ साथियों की मदद से चांदनी की पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *