खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के गोगावां थाना क्षेत्र में असंतुलित हुआ दुपहिया वाहन एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत इंदिरा सागर नहर में जा गिरा। इसमें 2 सदस्यों को बचा लिया गया जबकि 10 वर्षीय बालिका लापता है। गोगावा के थाना प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि दुपहिया वाहन चालक मुकेश देवले व उसकी पत्नी सूरज बाई अपनी दो बेटियों रिंकू व किरण के साथ कल आ रहा था।
उसी दौरान खरगोन सनावद रोड पर कुंडिया फाटे के पास मोड पर स्पीड ब्रेकर के चलते असंतुलित हुआ वाहन इंदिरा सागर परियोजना की नहर में जा गिरा। उन्होंने बताया कि मुकेश उसकी दोनों बेटियों के साथ नहर में जा गिरा जबकि उसकी पत्नी सूरज बाई सड़क पर ही गिर गई। मुकेश दुपहिया वाहन पर आगे बैठी बेटी रिंकू को पकड़े रहा, इसी दौरान ग्रामीणों ने उन दोनों को निकाल लिया लेकिन 10 वर्षीय किरण बह गई।
उन्होंने बताया कि मुकेश अपने परिवार के साथ अपनी बड़ी बेटी राधा के घर किसी कार्यक्रम के सिलसिले में पीपलगोन गया था और वापस अपने ग्रह ग्राम बरुड़ थाना क्षेत्र के गावसन लौट रहा था। उन्होंने बताया कि एसडीइआरएफ की टीम ने आज शाम तक सर्चिंग की लेकिन किरण का पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र होने के चलते इसके सुधार हेतु आज एनवीडीए को पत्र लिखा गया है।
