गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जनता को करेंगे नशे के प्रति जागरूक

पंचकूला : मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भजन और नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक किया जायेगा। खट्टर ने नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस पर सोमवार देर रात नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत आयोजित लोक रंग सांझ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये यह बात कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए सूचना, लोक सम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग व्यापक स्तर पर विशेष प्रचार अभियान चलाएगा। उन्हाेंने इस मौके पर विभाग के इस प्रचार अभियान की विवरणिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नशा मुक्ति अभियान में लोक कलाकारों द्वारा रागिनी और नाटक के माध्यम से हरियाणवी भाषा में लोगों को नशे की आदत को छोडऩे के लिए प्रेरित किया जायेगा। इस विशेष प्रचार-प्रसार अभियान में गांवों के सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और कॉलेजों में भजन एवं नाटक मंडलियों के लगातार कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि नशे से व्यक्ति, पैसे तथा विचारों से बर्बाद हो जाता है।

इसके साथ ही नशा पीड़ित व्यक्ति मानसिक एवं शारीरिक रूप से खोखला हो जाता है। इसलिए राज्य में यह अभियान चलाना जरूरी हो गया ताकि इस सामाजिक बुराई का उन्मूलन किया जा सके। इस प्रचार अभियान में सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं का भी भरपूर सहयोग लिया जाएगा और इस मुहिम को गांव, स्कूल, कॉलेज स्तर से ही सक्रिय कर हर व्यक्ति को नशा मुक्त अभियान से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल, हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष जयदीप आर्य, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार बी. बी. भारती सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *