चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने बुधवार को अनिवार्य ड्राइविंग टेस्ट दिए बिना हैवी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के एवज में 500 रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में एक प्राईवेट एजेंट को गिरफ़्तार किया। आरोपी की पहचान गुरचरनजीत सिंह उर्फ गोपी के तौर पर हुई है, जो जालंधर में एक आटोमैटिक ड्राइविंग टैस्ट ट्रैक सैंटर नज़दीक कैफे चला रहा है। एजेंट को दलजीत सिंह निवासी गांव बीबरी जि़ला कपूरथला की शिकायत पर गिरफ़्तार किया गया है।
सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस स्टेशन सतर्कता ब्यूरो, जालंधर रेंज में शिकायत दर्ज करवाई थी कि एजेंट ने बिना कोई ड्राइविंग टेस्ट दिए उसका हैवी ड्राइविंग लाइसेंस जारी करवाने बदले 1200 रुपए की रिश्वत मांगी थी। प्रवक्ता ने बताया कि इस शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद सतर्कता ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाकर उक्त एजेंट को रिश्वत लेते मौके पर गिरफ़्तार कर लिया। इस संबंध में दोषी एजेंट के खि़लाफ़ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया और कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राईवेट एजेंट रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ़्तार
