खरगोन : मध्य प्रदेश कि खरगोन कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दो गांजा तस्करों से पूछताछ के उपरांत गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी के 20 दुपहिया वाहन जब्त किए हैं। आज सायं जारी विज्ञप्ति के मुताबिक पुलिस ने 27 जून को अवैध रूप से गांजे की तस्करी करने के आरोप में दो भाइयों बंटी तथा राकेश साहू को गिरफ्तार कर उनसे दुपहिया वाहन के बारे में पूछताछ की थी।
उनसे पूछताछ में पता चला कि दरअसल वे दुपहिया वाहन चोर गिरोह भी संचालित करते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि खरगोन के बादल और सुरेश के साथ मिलकर खरगोन, ऊन ,मेन गांव, बरूड़, मंडलेश्वर और खंडवा के हरसूद आदि स्थानों से दुपहिया वाहन चुराए हैं। उन्होंने बताया कि उक्त दुपहिया वाहन उन्होंने बुरहानपुर जिले के निंबोला थाना क्षेत्र के बोरी निवासी कय्यूम जिलानी को बेचे हैं।
उनकी निशानदेही पर बादल औऱ कय्यूम जिलानी को भी गिरफ्तार किया गया। कय्यूम उन दुपहिया वाहनों के पार्ट्स निकालकर अन्य दुपहिया वाहनों में लगा देता था। पुलिस ने बुरहानपुर के धूलकोट के जंगलों में रखी गई 20 दुपहिया वाहन तथा कयूम जिलानी के पास से दो अधूरी दुपहिया वाहन जब्त किए हैं। इस मामले में सुरेश देवले फिलहाल फरार है।
गांजा तस्करों से 20 दुपहिया वाहन बरामद
