जयपुर : राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने कहा है कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) वर्तमान में देश के विकास और समृद्धि के लिए है और जो देश हित में होगा मोदी सरकार वही काम करेगी। जोशी रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भारत के संविधान में सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार का उल्लेख किया गया है। ऐसे में देश में दोहरी व्यवस्था कैसे चल सकती है।
तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति से कदापि देश का विकास नहीं हो सकता। भाजपा समाज के सभी वर्गों को उन्नत करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कोई भी वर्ग अपनी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यह विचार देश की समृद्धि को आधार देंगे। उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियों ने कसम खा रखी है कि भाजपा देश हित में कोई भी फैसला ले उसका विरोध करना है। विपक्ष को यह नहीं पता कि देश की जनता का मिजाज क्या है।
कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने का काम क्या पहले नहीं हो सकता था, क्या वन नेशन वन टैक्स का निर्णय इंदिरा गांधी के समय नहीं हो सकता था। उस समय राजनीतिक लोगों को लगा कि देश से पहले पार्टी है। कहीं पार्टी का वोटबैंक ना चला जाए। भाजपा और श्री मोदी ने नेशन फर्स्ट को लेकर काम किया है, तभी तो देश की जनता का विश्वास भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर है।
जोशी ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी की विजय संकल्प टीम अनुभवी, ऊर्जावान, सर्वहितैषी, और समावेशी है। जिसमें सभी वर्गों से लोगों को दायित्व दिया गया है, जो कि आगामी 2023-24 के चुनावों में टीम विजय संकल्प के साथ एकजुट होकर काम करेंगे। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार को भ्रष्ट, नकारा, जंगलराज, पेपर लीक और झांसेबाज सरकार बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ आगामी पांच जुलाई को महिला मोर्चा जयपुर की सडकों पर थाली नाद के साथ विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद 12 जुलाई को झुंझुनूं में किसान विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा बेेरोजगारी भत्ता नहीं मिलने और पेपर लीक के खिलाफ अजमेर में युवाओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
