गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सुल्तानपुर : दो किसानों की हत्या

सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में खेत में सिंचाई कर रहे दो किसानों की कुछ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के मरूई कृष्णदासपुर के निवासी किसान धर्मराज मौर्य (60) और विजय कुमार राजभर (45) की कुछ बदमाशों ने सोमवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि धर्मराज और विजय कल देर रात खेत में सिंचाई कर रहे थे, तभी कुछ बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दी। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश वहां से फरार हो गए थे। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों किसानों को अखण्डनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना से इलाके में तनाव को देखते हुए कई थानों से अतिरिक्त बल लगाया गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने मामले में जमीनी विवाद होने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आशंका जतायी कि पुरानी जमीनी रंजिश के कारण दोनों किसानों की हत्या की गई होगी।

आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस का एक दल गठित कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित किसान के पुत्र की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने कहा कि जल्द दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *