ऊना (हिमाचल प्रदेश) : अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि कई दलों के अपने में शामिल होने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दिनोंदिन मजबूत होता जा रहा है और 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के साथ ही यह फिर से सरकार बनाएगा।
ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र में एक कार्यक्रम में यह बात कहते हुए ठाकुर ने कहा कि सच्चाई भाजपा के साथ है और यही कारण है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की सफलता निश्चित है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछले साढ़े नौ साल में जो कुछ किया वह बेहतरीन है और किसी भी पार्टी की सरकार से इसकी उम्मीद नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि कई पार्टियां राजग का हिस्सा बनना चाहती हैं तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने इस दिशा में कदम उठाया है और इसका फायदा महाराष्ट्र के विकास को होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा “ जम्मू कश्मीर को 75 साल बाद उसका अधिकार मिला। अनुच्छेद 370 और 35ए का हटना अपने आप में बहुत कुछ कहता है। जम्मू-कश्मीर में शांति, विकास और भाईचारा बढ़ा है। इतना ही नहीं, पर्यटकों की संख्या भी कई गुना बढ़ गई है।आंकड़े बताते हैं कि जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी की घटनाएं रुकी हैं। आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पर्यटक और निवेशक जम्मू-कश्मीर का रुख कर रहे हैं।”
समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर ठाकुर ने कहा कि जल्द ही मानसून सत्र आने वाला है और लोग देखेंगे कि भाजपा क्या करने जा रही है। हिमाचल प्रदेश सरकार में दो कैबिनेट मंत्रियों विक्रमादित्य सिंह और चंद्र कुमार के बीच समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर विवाद को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री एसएस सुक्खू से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।
दिनोंदिन मजबूत हो रहा है राजग
