भोपाल मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी व्यक्ति के साथ बेहद अमानवीय और शर्मनाक घटना का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आदिवासी युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुयी हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है।
कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए कहा कि एक आदिवासी युवक के साथ क्रूरता का वीडियाे सामने आया है। यह गिरी हुयी हरकत है। आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में नंबर वन है। इस घटना ने पूरे मध्यप्रदेश को शर्मसार कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि दोषी व्यक्ति को सख्त से सख्त सजा दी जाए और मध्यप्रदेश में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को समाप्त किया जाए।
इस बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने एक बयान जारी कर कहा कि सीधी जिले में आदिवासी युवक के साथ भाजपा के कथित प्रतिनिधि ने बर्बरता की पराकाष्ठा दिखाते हुए व्यवहार किया है। यह घटना आदिवासियों को दबाने और आतंकित करने की है।
मूल रूप से सीधी जिला निवासी सिंह ने कहा कि यह घटना सभ्य समाज पर कलंक और मानवता को शर्मसार करने वाली है। सिंह ने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर ऐसे लोगों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करना चाहिए। इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस के अनेक नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं।
