गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

आदिवासी पर पेशाब करने वाला भाजपा कार्यकर्ता पर एनएसए

भोपाल, सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले के एक वायरल वीडियो के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने के निर्देश के कुछ घंटे बाद पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज संवाददाताओं को बताया कि मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आरोपी के खिलाफ एनएसए लगाने के निर्देश दिए थे। उसे कल रात गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका कृत्य बहुत घृणित था। उसके द्वारा किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर भी चलेगा। उन्होंने कहा कि सीधी मामले में पुलिस ने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की यह भी जांच के बिंदुओं में शामिल है। इसी बीच सीधी पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी प्रवेश शुक्ला को रात करीब दो बजे गिरफ्तार कर बहरी थाना लाया गया है। आरोपी के साथ पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनएसए की कार्यवाही कर जेल भेजा जाएगा।
सीधी जिले में जनजाति समुदाय से आने वाले एक व्यक्ति के साथ बेहद आपत्तिजनक और अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल होने के बाद कल इस मामले ने तूल पकड़ लिया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के बाद प्रशासन भी हरकत में आया।
वीडियो में दिखायी दे रहा है कि एक लाचार सा दिख रहा व्यक्ति बैठा हुआ है और सिगरेट का धुंआ उड़ा रहा एक अन्य व्यक्ति उसके साथ अमानवीय और बेहद बेहूदा हरकत करते हुए व्यवहार कर रहा है। दुर्भाग्य से इस घटनाक्रम का कोई वीडियो भी बना रहा है। वीडियो वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और मुख्यमंत्री चौहान ने भी आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
आरोपी व्यक्ति सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि बताया गया था, लेकिन शुक्ला ने स्वयं मीडिया के समक्ष आकर इससे इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह व्यक्ति उनका विधायक प्रतिनिधि नहीं है। शुक्ला ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और यह शर्मनाक व्यवहार जिसने भी किया है, उसे कानून के हिसाब से सजा मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *