गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पत्नी, बच्चों की हत्या कर फांसी पर झूला, दो गिरफ्तार

जौनपुर : उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में ठगी के शिकार एक व्यक्ति ने पत्नी और तीन बच्चों की हत्या करने के बाद फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शैलेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि ग्राम जयरामपुर निवासी टेन्ट व्यवसायी नागेश विश्वकर्मा ने बीती रात अपनी पत्नी और तीन बच्चो की हत्या कर आत्महत्या कर ली। इस मामले में प्रथम दृष्टया पता चला है कि स्कूल में चपरासी की नौकरी के नाम पर मृतक से सात लाख रूपये ठगे गये थे। मौके पर मिले साक्ष्य और मृतक के भाई त्रिभुवन विश्वकर्मा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होने बताया कि 04/05 जुलाई की देर रात नागेश विश्वकर्मा (37) ने पत्नी राधिका (35) की धारदार हथियार से हत्या कर दी और बाद में दो बेटियों निकिता (12),आयुषी (10) और पुत्र आदर्श (5) की गमछे से गला कसकर हत्या कर दी। नागेश ने पूरे परिवार को मौत की नींद सुलाने के बाद फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना को अंजाम देने के पहले नागेश एक कापी में अपने शोषण और उत्पीड़न की पूरी दास्तां का जिक्र कर दिया था जो डायरी पुलिस के हाथ लग गयी है।
पुलिस को मिली डायरी में नागेश ने लिखा “ मैने भानु प्रकाश विश्वकर्मा निवासी ग्राम सलारपुर थाना नेवढ़िया के जरिए सरयू प्रसाद पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय काकोरी जलालपुर में चपरासी की नौकरी के लिए विद्यालय के प्रबन्धक शिव आसरे सिंह निवासी ग्राम काकोरी थाना जलालपुर को कुछ वर्ष पहले सात लाख रुपए दिया था, आज तक न तो नौकरी मिली न ही पैसा वापस हो सका है। पैसा मांगने पर प्रबंधक द्वारा धमकियां अलग से दी जा रही थी। अपने इस उत्पीड़न से परेशान होकर अब खुद को पूरे परिवार के साथ खत्म कर रहा हूँ। अपनी पत्नी और बच्चो की हत्या के लिए स्वयं जिम्मेदार हैं।”
उन्होंने कहा कि इस साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने तत्काल प्रबंधक शिव आसरे सिंह और मध्यस्थता करने वाले भानु प्रताप विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। मृतक नागेश के भाई त्रिभुवन विश्वकर्मा से तहरीर लेकर दोनो के विरूद्ध सम्बन्धित धाराओ में मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनो से पूछताछ किया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना को लेकर पुलिस गम्भीर है और दोनो आरोपियों को अपराध की धाराओ में जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *