गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बारां जिले में स्मैक बरामद

जयपुर : राजस्थान में बारां जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब नौ करोड़ रुपए की साढ़े तीन किलोग्राम से अधिक स्मैक बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन ने आज बताया कि पुलिस मुख्यालय की सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम की सूचना एवं सहयोग से क्षेत्र के फतेहपुर टोल के पास झारखंड नंबर की कार की तलाशी लेने पर यह स्मैक बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि यह स्मैक कार के ड्राइवर साइड के दोनों टायरों के बीच गुप्त स्थान बनाकर उत्तरप्रदेश के लखनऊ जिले से तस्करी कर लाई जा रही थी कि सदर क्षेत्र में नेशनल हाईवे 27 पर फतेहपुर टोल पर नाकाबंदी कर कार को रोका। एमएन ने बताया कि कार में दो युवक चालक इकबाल खान (35) निवासी ज्ञान मंदिर पावर हाउस थाना भवानी मंडी और भरत कुमार नागर (28) निवासी केशोदा थाना बेसोदा मंडी जिला मंदसौर मध्यप्रदेश को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि दोनों के पास 10 हजार रुपये और दो मोबाइल मिले। गाड़ी की तलाशी में चालक साइड के दोनों गेट के नीचे पिछले वाले टायर के आगे पैनल कटा हुआ नजर आने पर टायर खोलकर पैनल के अंदर चेक करने पर खाकी टेप से लिपटे दो पैकेट मिले। पहले पैकेट में एक किलो 820 ग्राम और दूसरे पैकेट में एक किलो 800 ग्राम स्मैक मिली।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के लखनऊ से स्मैक खरीद कर गांव पाउखेड़ी ग्राम पंचायत चतलाव थाना सुनेल निवासी भूतपूर्व सरपंच भगवान नागर के लिए ला रहे थे। मामले में थाना सदर बारां पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *