गांधीनगर : गुजरात के कई हिस्सों में पिछले कई दिनों से हो रही मानसूनी वर्षा का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। राज्य में पिछले 10 घंटे के दौरान जामनगर तालुका में सर्वाधिक 108 मिमी, पाटन के हारीज में 68 मिमी बारिश होने से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा और राज्य में अब मानसून की वर्षा का प्रतिशत 38.28 से अधिक हो गया है।
मौसम विभाग की ओर से आज यहां जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 10 घंटे में अपराह्न चार बजे तक 168 तालुकाओं में एक मिमी से 108 मिमी तक बारिश दर्ज की गयी। इस दौरान गिर-सोमनाथ के पाटन-वेरावल तालुका में 67, कच्छ के भुज तालुका में 59, सूरत के उमरपाडा में 53 मिमी और गिर सोमनाथ के सूत्रापाडा में 51 मिमी बरसात हुई। इस दौरान 134 तालुकाओं में एक से 24 मिमी, 28 तालुकाओं में 25 से 47 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
सुबह छह बजे तक पिछले 24 घंटे में राज्य के कुल 33 जिलों में से 32 जिलों के 188 तालुकाओं में बरसात हुई। सर्वाधिक 122 मिलीमीटर वर्षा अहमदाबाद के धंधुका में दर्ज की गयी थी। कुल 32 तालुक़ा में 51 मिमी या अधिक, 44 तालुक़ा में 25 मिमी अथवा अधिक और 112 तालुकाओं में एक मिमी से 23 मिमी वर्षा दर्ज की गयी थी। इससे कई स्थानों पर जल भराव हो गया है। सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक 108 तालुक़ा में वर्षा हुई है, जिसमें सर्वाधिक 108 मिमी जामनगर तालुका में हुई। लगातार वर्षा से राज्य में अब मानसून की वर्षा का प्रतिशत 38.28 हो गया है।
गुजरात के जामनगर में 108 मिमी बारिश
