बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल की सीमा रूपईडीहा में सोमवार को पुलिस ने पर उत्तराखंड निवासी एक तस्कर को करीब 50 किलो चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद चरस की कीमत करोड़ों रूपये आंकी गयी है। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने सीमा पर जांच के लिए टीम गठित की थी।
रुपईडीहा प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने सोमवार को बताया कि उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अशोक प्रजापति, विजय शंकर सिंह, लक्ष्मण गौड़, अजय यादव की टीम आज पूर्वान्ह भारत नेपाल सीमा पर आने जाने वालों की जांच कर रही थी कि नेपाल से भारत में क्विड वाहन से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। उसे रोक कर वाहन की तलाशी ली गयी जिसमं प्लास्टिक के बोरे में रखी चरस की खेप बरामद हुई।
वाहन चालक को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बोरी से 50 किलो चरस बरामद हुआ है जबकि दो लाख 98 हज़ार रूपये नकदी बरामद हुई है। पकड़े गए तस्कर की पहचान देहरादून जिले के क्लेमनटाउन क्षेत्र निवासी दीपक कुमार राई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी दीपक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
