भदोही : उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई क्षेत्र में मस्जिद में नमाज पढ़ने को लेकर सोमवार को एक ही समुदाय के दो गुटों में हुयी मारपीट में दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के इटवा में मस्जिद पर नमाज पढ़ने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में वाद विवाद शुरू हुआ जो मारपीट में बदल गया।
बताया जाता है कि एक पक्ष उक्त मस्जिद को अपना बताकर दूसरे पक्ष को उसमें जाने से मना कर रहा था जिसे लेकर हल्का-फुल्का वाद विवाद शुरू हुआ जो मारपीट में बदल गया। मारपीट की घटना में दोनों पक्षों में असीन अली (27), लाल मोहम्मद (45), नसीम (28), रिसालु उद्दीन (25), इमरान (18), जमी उल्ला (36) और साजिद (30) घायल हुये हैं। पुलिस दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामले की जांच कर रही है।
