भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के फुलियाकलां उपखंड मुख्यालय पर मंगलवार को बारिश के पानी से भरे गहरे खड्डे में डूबने से दो बालिकाओं की मौत हो गयी। फुलियाकलां पुलिस के अनुसार धनोप तिराहे के पास फूलियाकलां निवासी अनिता नट (6) एवं कोमल नट (14) बकरियां चराकर अपने घर लौट रही थी। रास्ते मे धनोप तिराहे के समीप चरागाह मे बने बारिश के पानी से भरे गहरे खड्डे में एक बालिका का पैर फिसल गया।
जिसे दुसरी बालिका ने हाथ पकडकर बचाने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों बालिकाएं पानी मे डूब गई। दोनों बालिकाओं के डूबने की सूचना समीप ही स्थित पुलिस थाने पर ग्रामीणों ने दी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से मौके पर पंहुच दौनों शवों को बाहर निकाल कर पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
