गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मध्य प्रदेश का वांछित अपराधी गिरफ्तार

ठाणे : मध्य प्रदेश में कई मामलों में वांछित एक अपराधी को हथियारों और गोला-बारूद के बड़े जखीरे की तस्करी करते हुए महाराष्ट्र के ठाणे शहर में गिरफ्तार कर लिया गया है। शीर्ष अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध) शिवराज पाटिल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस ने गिरफ्तार अपराधी के पास से दो मैगजीन के साथ एक देशी मशीन गन, 20 स्थानीय रूप से निर्मित स्टील पिस्तौल और 280 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
उन्होंने कहा कि सोमवार को, वागले एस्टेट थाना की अपराध शाखा को एक गोपनीय सूचना मिली कि माजा नाम का एक व्यक्ति सीमावर्ती जिले धुले में कुछ हथियार और गोला-बारूद पहुंचाने के लिए मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र आ रहा है। गुप्त सूचना की पुष्टि करने के बाद अपराध शाखा के अधिकारियों की एक टीम का गठन किया गया जो धुले के पलासनेर शहर पहुंची और वहां अपराधी के पहुंचने की उम्मीद में बैठ गयी।
श्री पाटिल ने कहा, मंगलवार तड़के आरोपी हथियार और गोला-बारूद के साथ पहुंचा और ठाणे अपराध शाखा टीम द्वारा बिछाए गए जाल में फंस गया। पुलिस ने आरोपी मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के उमरतीगांव निवासी 27 वर्षीय सुरजीतसिंह आवसिंह उर्फ ​​माजा को पकड़ लिया। माजा को मंगलवार को ठाणे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और 18 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पाटिल ने कहा कि उस साजिश का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है जिसके लिए हथियारों का जखीरा महाराष्ट्र में छिपाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *