गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जैन समाज के प्रदर्शनों का कमलनाथ ने किया समर्थन

भोपाल : कर्नाटक में एक जैन मुनि की हत्या की घटना के विरोध में देश में विभिन्न स्थानों पर हो रहे प्रदर्शनों के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि वे समाज के शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का समर्थन करते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट के जरिए कहा, ”जैन धर्म के मुनि और संत समाज की सुरक्षा को लेकर देश के अलग अलग हिस्सों में जैन समाज ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए हैं।

मैं जैन समाज के इन शांतिपूर्ण प्रदर्शनों का समर्थन करता हूं और आश्वस्त करता हूं कि कांग्रेस पार्टी जैन समाज की भावनाओं का सम्मान करती है। कर्नाटक के जिस प्रकरण को लेकर जैन समाज चिंतित है, वहां भी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुनि और संत समाज की सुरक्षा और अभय विचरण सुनिश्चित करना सबकी नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है।”
हाल ही में कर्नाटक में जैन मुनि कामकुमार नंदी महाराज की हत्या कर दी गयी है। इस घटना के विरोध में देश के साथ ही मध्यप्रदेश में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। राज्य के सागर संभाग मुख्यालय पर आज जैन धर्मावलंबियों ने मौन जुलूस निकाला, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने हिस्सा लिया। जैन समुदाय से जुड़े लोगों ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान भी दिन में बंद रखे। राज्य के बुंदेलखंड, महाकौशल और उत्तरी अंचल में कर्नाटक की घटना के विरोध में प्रदर्शन होने की सूचनाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *