गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

काली नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि

खतरे के निशान को किया पार

नैनीताल : भारत-नेपाल सीमा पर बहने वाली काली नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि काली नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है। उसका जलस्तर खतरे के निशान 889 से कुछ ऊपर 889.30 पहुंच गया है। अतिवृष्टि की स्थिति में उसके जलस्तर में और वृद्धि होने की आशंका जताई गयी है।
पत्र में कहा गया है कि ऐसी स्थिति में काली नदी के तटों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और ग्रामीणों को सतर्क करने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही असुरक्षित और निचली इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिये कहा गया है।
इसके अलावा लोगों को नदी नालों व पुलों पर आवाजाही से बचने की भी सलाह दी गयी है। सभी विभागों को सम्पर्क और समन्वय से काम करने के निर्देश भी दिये गये हैं। पुलिस, राजस्व विभाग के साथ ही सीमा पर तैनात एसएसबी को भी एहतियात बरतने के निर्देश दिये गये हैं।
सिंचाई महकमे को धारचूला, बलुवाकोट, जौलजीबी, पीपली, तालेश्वर, झूलाघाट, बगड़ीहाट आदि तटीय स्थानों पर नजर बनाये रखने के साथ ही विभागीय टीमों की तैनाती के निर्देश दिये गये हैं। पुलिस एवं एसएसबी को नेपाल पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *