हैदराबाद : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के निकट शमीरपेट के पास आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर सोमवार सुबह एक कार और लॉरी के बीच टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार एक तेज रफ्तार लॉरी ने नियंत्रण खो दिया और सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद एक कार से टकरा गई जिससे लॉरी चालक एवं कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई। कार में सवार दो अन्य लोगों को चोटें आईं। हादसा उस समय हुआ जब कार में सवार लोग घाटकेसर से मेडचल की ओर जा रहे थे। घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
