गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शिक्षा के बिना जीवन सूना

गोलाना (शाजापुर) : शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रदेश के पहले ‘सीएम राइज स्कूल’ के भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि शिक्षा के बिना जीवन बिल्कुल अधूरा है। चौहान ने इस दौरान प्रदेशस्तरीय ‘स्कूल चलें हम’ अभियान 2023 का घंटी बजाकर शुभारंभ किया एवं बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए। उन्होंने बच्चों से चर्चा कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री इंदर सिंह परमार भी उपस्थित रहे।

चौहान ने कहा कि पहले प्रदेश में स्कूल बहुत कम थे। बहुत से नए स्कूल बनाने की प्रक्रिया के दौरान उनके मन में ख्याल आया कि शासकीय स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों से अच्छे स्कूल बनाना है। इसी के चलते सीएम राइज स्कूल बनाने का विचार आया। अब गोलाना में पहला सीएम राइज स्कूल बनकर तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अभी पूरे प्रदेश में 300 स्कूल बन रहे हैं। आने वाले समय में ऐसे नौ हजार स्कूल बनाए जाएंगे।
चौहान ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 23 साल पहले, ‘स्कूल चलें हम’ अभियान शुरू किया था। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को भारत में और भारत को दुनिया में श्रेष्ठ बना देंगे, इसलिए इन स्कूलों में कला, डांस, संगीत, क्राफ्ट, पढ़ाई के लिए अच्छे कमरे, स्मार्ट क्लास, खेल का मैदान, लैब, लाइब्रेरी, वो सारी सुविधाएं, जो दुनिया के किसी भी अच्छे स्कूल में होती है, अब सीएम राइज स्कूलों में होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *