गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तलाशी अभियान में मिले विस्फोटक किये गये नष्ट

श्रीनगर : भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में सोमवार को उत्तरी कश्मीर में हंदवाड़ा के वोधपुरा जंगल से दो अत्याधुनिक विस्फोटक (आईईडी) बरामद कर सफलतापूर्वक नष्ट कर दिये। पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘भारतीय सेना ने हंदवाड़ा पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में सोमवार सुबह एनएच 701 के पास वोधपुरा रिज से दो आईईडी बरामद किए।’
एक विश्वसनीय स्रोत से मिली जानकारी के आधार पर भारतीय सेना और हंदवाड़ा पुलिस ने सोमवार तड़के वोधपुरा जंगल में तलाशी और नष्टीकरण अभियान (एसएडीओ) शुरू किया गया। ऑपरेशन के परिणामस्वरूप जंगल क्षेत्र में छिपाए गए लगभग पांच और सात किलोग्राम वजन के दो अत्याधुनिक आईईडी बरामद हुए। टीम ने तुरंत पर्याप्त सुरक्षा उपायों के साथ क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
विस्फोटक डिटेक्टरों और सेना के प्रशिक्षित कुत्ते से लैस भारतीय सेना की उच्च प्रशिक्षित विस्फोटक पहचान टीम ने इन विस्फोटकों की पहचान की। बम निरोधक टीम ने इन विस्फोटकों को नियंत्रित विस्फोट कर नष्ट किया।इसके बाद जंगल में किसी और आईईडी या छिपे हुए आतंकवादियों की तलाश के लिए गहन तलाशी अभियान फिर से शुरू किया गया। इस अभियान में जान-माल के किसी नुकसान की खबर नहीं है। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई से इलाके में बड़ी घटना टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *