इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा में स्थित सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के दो डॉक्टरों को मरीजों के साथ मारपीट करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। कुलपति डॉ प्रभात कुमार ने निलंबन की पुष्टि करते हुए सोमवार को कहा कि मरीजों को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई। डॉक्टर दास और डॉक्टर अमन श्रीवास्तव को निलंबित किया गया। डीएम के निर्देश पर बनाई गई पांच अधिकारियों की प्रशासनिक टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई हुई।
10 और 11 जुलाई को हड्डी रोग विभाग में दोनों डॉक्टरों ने अलग-अलग मरीजों को पीटा था। दोनों डॉक्टरों के थप्पड़ बाजी के वीडियो वायरल होने के बाद शासन स्तर पर जांच के निर्देश दिए गए थे। बीते रविवार को जांच दल ने सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के ऑर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती पीड़ित मरीजों से जानकारी जुटाई उसके बाद अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेज दी।
जांच रिपोर्ट शासन के पास पहुंचते ही डॉक्टरों पर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रभात कुमार ने आरोपी डॉक्टरों को तत्काल निलंबित कर दिया। एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने बताया कि पीजीआई के ऑर्थोपेडिक वार्ड में दो डॉक्टरों द्वारा मरीजों के साथ मारपीट के वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ितों ने सैफई थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। जिसके आधार पर डॉक्टरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके कार्यवाई की का रही है।
