भोपाल : उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण की संभावना के मद्देनजर मध्यप्रदेश में अगले चौबीस घंटों के दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की सिलसिला बना हुआ है। राज्य के नर्मदापुरम जिले में दूसरे स्थानों की अपेक्षा सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। नर्मदापुरम जिले में बीते चौबीस घंटो के दौरान 77 मिमि वर्षा दर्ज की गई, जबकि पचमढ़ी में 60़ 4, रायसेन में 56, मंडला में 36़ 3, जबलपुर में 30़ 8, नरसिंहपुर 28, मलाजखंड 24़ 5, उमरिया 24़ 4, इंदौर, दमोह, बैतूल, भोपाल, खंडवा, रतलाम, सागर, शिवपुरी, ग्वालियर, सीधी, रीवा, सिवनी, छिंदवाड़ा, सीधी, टीकमगढ, सतना, धार जिले में 1 मिमि से 17 मिमि के बीच वर्षा दर्ज की गई।
भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक पी के साहा ने बताया कि अगले चौबीस घंटों के दौरान राज्य के सीहोर, रायसेन, रतलाम, शाजापुर, आगर, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिले में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी वर्षा हो सकती है। इसी प्रकार राज्य की राजधानी भोपाल समेत, राजगढ़, खरगोन, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, डिंडौरी, अनूपपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, दमोह और सागर जिले में वज्रपाव के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के आसार है। इन स्थानों पर 64 मिमि से लेकर 115 मिमि के बीच वर्षा होने की संभावना है।
इसी तरह नर्मदापुर, विदिशा, बैतूल, हरदा जिले में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ से भारी वर्षा की संभावना है। साहा के अनुसार प्रदेश की राजधानी भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, शहडोल संभागों के जिले में अधिकांश स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। रीवा और चंबल संभागों के जिले के अलावा दतिया, ग्वालियर, पन्ना, निवाड़ी जिले में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मौसम के मिजाज में फिलहान परिवर्तन के आसार नहीं है। ऐसी स्थित अभी बने रहने की संभावना है। राजधानी भोपाल और इसके आसपास सुबह के पहर में हल्की वर्षा दर्ज की गई, बीच में कुछ देर के लिए धूप खिली इसके बाद आसमान में बादल छाये रहे। अगले चौबीस घंटों के दौरान ऐसी स्थिति रहने का अनुमान है।
मध्यप्रदेश में भारी वर्षा के आसार
