गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सिवनी को नगर निगम बनाया जाएगा

सिवनी : शिवराज सिंह चौहान ने आज घोषणा की कि सिवनी में नगर निगम बनाया जाएगा। चौहान राज्य में इन दिनों चल रहे ”विकास पर्व” के तहत सिवनी जिले की यात्रा पर रहे। हल्की बारिश के बीच चौहान ने रोड शो कर आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने लगभग 287 करोड़ रुपयों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री चौहान ने सिवनी में नगर निगम क्षेत्र बनाने के साथ ही कुरई में महाविद्यालय के आवंटित जमीन पर भवन बनवाने की घोषणा भी की।

चौहान ने कहा कि इसके अलावा यहां गर्ल्स स्कूल के लिए नया भवन बनाया जाएगा। नंदी जलाशय में नहर विस्तार का कार्य शुरू किया जाएगा। धनोरा में महाविद्यालय खोलने समेत अनेक स्थानीय मांगों को पूरा करने की बात भी उन्होंने कही। चौहान ने अपने भाषण के दौरान इन दिनों की चर्चित लाड़ली बहना योजना के बारे में भी बताया और दोहराया कि इसके तहत अभी एक हजार रुपए प्रतिमाह पात्र महिलाओं को दिए जा रहे हैं। क्रमित तौर पर इस धनराशि को तीन हजार रुपए तक बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया, तो पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय अनेक जनकल्याण की योजनाओं को बंद कर दिया गया था। मुख्यमंत्री ने दावा करते हुए कहा कि राज्य में सरकारी विभागों में एक लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि 55 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी पूरी हाे चुकी है। शेष के लिए प्रक्रिया चल रही है। इसके पहले रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री अचानक एक वृद्ध महिला के कच्चे मकान में पहुंच गए और भावुक हुई महिला को स्नेह से अपने गले लगा लिया।

चौहान ने मौके पर मौजूद कलेक्टर को निर्देश दिए कि सोनवती नाम की इस महिला को जमीन का पट्टा दिया जाए और उस पर मकान भी सरकारी योजना के तहत बनवाया जाए। दरअसल चौहान की पहल पर राज्य में 16 जुलाई से 14 अगस्त तक विकास पर्व मनाया जा रहा है। इसके तहत चौहान विभिन्न जिलों का दौरा कर उस क्षेत्र में विकास योजनाओं से जुड़े कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *