शिमला : जयराम ठाकुर ने गुरूवार को कहा कि राज्य में माफियाराज हावी हैं। ठाकुर ने आज कहा कि राज्य में हर तरह के माफिया सक्रिय हैं। माफिया अब पुलिस पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किन ताकतवर लोगों का इन्हें संरक्षण प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि नदी नाले उफान पर हैं, जिस वक़्त नदी नालों के पास भी जाने की मनाही हैं, उस वक़्त खनन माफिया नदियों में अवैध रूप से खनन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी के खुंडिया के साथ लगते नुकेड़ खड्ड में अवैध खनन कर रहे लोगों को जब पुलिस ने रोका तो उन हमला किया गया। उन्होंने कहा कि इस आपदा के समय में सरकार खनन माफ़ियाओं को प्रश्रय देने के बजाय आपदा प्रभावितों को राहत देनी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार को जवाब देना चाहिए कि प्रदेश में खनन माफ़ियाओं को किसका संरक्षण मिल रहा हैं। यदि यह माफिया पुलिस पर हमला करने से नहीं डर रहे हैं तो इसका मतलब उनकी पहुंच और ऊपर तक होगी। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं हैं। इसके पहले भी इस तरह के मामले सामने आये हैं, जब खनन माफ़ियाओं ने सरेआम गोलीबारी की है। नालागढ़ इसी तरह की घटना हुई हैं। सबसे चिंता की बात यह है कि यह प्रदेश के एक जगह की बात नहीं हैं। पूरे प्रदेश का यही हाल है। इस तरह से आतंक का माहौल बनाकर खनन करने की घटनाएं डराने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि मंत्रियों को अवैध खनन की ज़मीनी हक़ीक़त समझनी चाहिये और उससे नज़रें फेरने के बजाय अवैध खनन करने वालों पर सख़्त से सख़्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा को बहुत समय बीत चुका है, सरकार युद्ध स्तर पर राहत के कार्य करे। बहुत सी ऐसी जगहें हैं, जहां पर अभी तक सरकार की राहत नहीं पहुँची है और लोगों का राशन तक ख़त्म हो गया है। बिजली, पानी, राशन, सड़क और संचार सुविधाओं को भी बहाल करे। लोग बहुत परेशान हो चुके हैं। अब प्रभावी राहत और पुनर्वास के के कार्य किए जाने चाहिए।
हिमाचल में माफियाराज
