बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी कलेक्ट्रेट में आज शार्ट सर्किट से लगी आग को तत्काल काबू कर लिया गया। बड़वानी कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी गणेश वर्मा ने बताया कि सुबह 10 बजे के करीब अचानक तेज आवाज आई। उसने पास ही स्थित अपर कलेक्टर के कक्ष के बाहर जाकर देखा, तो शॉर्ट सर्किट के चलते मीटर बॉक्स में आग लग गई थी।
तत्काल मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को सूचित किया गया। इसी दौरान वहां उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी बड़वानी के कनिष्ठ यंत्री स्वप्निल डाबर ने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल ग्रिड से विद्युत प्रवाह बंद करा दिया गया था।
