भोपाल : विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर हमला करते हुए आज कहा कि वह झूठी गारंटी का भ्रमजाल फैला रहीं हैं, लेकिन प्रदेश की जनता कांग्रेस के झूठ फरेब को अच्छी तरह समक्ष चुकी है, वह इनके किसी भ्रम में नहीं आएगी। शर्मा ने ग्वालियर में श्रीमती वाड्रा के द्वारा किए गए वादों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश आए थे।
उन्होंने प्रदेश के किसानों, युवाओं, माता-बहनों सभी से वादे किए थे, लेकिन जब कांग्रेस की सरकार बनी, तो एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। आज ग्वालियर में श्रीमती वाड्रा ने भी अपने भाई गांधी की तरह झूठी गारंटी का भ्रमजाल फैलाने का प्रयास किया है, लेकिन प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के झूठ-फरेब को बहुत अच्छी तरह से जान गई है और कांग्रेस के लोग कितने भी हाथ-पैर मार लें, लेकिन जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अब एक परिवार तक ही सिमट कर रह गई है। इसलिए उसे बचाने के लिए प्रियंका और राहुल निकले हैं। प्रियंका गांधी राजस्थान भी गई थीं, गुजरात भी गई थीं। वे उत्तर प्रदेश भी गई थीं, लेकिन उत्तर प्रदेश से तो गांधी परिवार को पलायन ही करना पड़ा। शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन मजबूत है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा चलाए जा रहीं गरीब कल्याण की योजनाएं लोगों का जीवन बदल रही हैं। बीते सालों में यहां विकास इतना हुआ है कि कोई भी नेता यहां आ जाए, कोई फर्क नहीं पड़ता।
