गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

टाटा स्टील के पहले तिमाही के समेकित लाभ में गिरावट

मुंबई : दिग्गज इस्पात विनिर्माता समूह टाटा स्टील का समेकित लाभ चालू वित्त वर्ष 2023-24 की जून में समाप्त पहली तिमाही एक साल पहले इसी अवधि की तुलना में 92 प्रतिशत सिमट कर करीब 634 करोड़ रुपये रह गया। वैश्विक स्तर पर कारोबार करने वाली इस कंपनी ने पिछले वर्ष इसी दौरान समेकित रूप से 7,765 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
आलोच्य अवधि में कपंनी का समेकित परिचालन राजस्व भी सालाना आधार पर छह प्रतिशत घट कर करीब 59,490 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में राजस्व 63,430 करोड़ रुपये था। तिमाही दर तिमाही आधार पर लाभ में 63 प्रतिशत और राजस्व में पांच प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी। टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने सोमवार को कंपनी के एकल आधार पर आडिट किए और समेकित आधार पर बिना आडिट किए गए वित्तीय परिणामों को जारी किए।
ब्रिटेन में स्टील उद्योग की पेंशन योजना के साथ लेन-देन से संबंधित लंबित कर-अधिभार के चलते पहली तिमाही के समेकित लाभ पर प्रभाव पड़ा है। कंपनी के समेकित परिणाम में पहली तिमाही में पिछले वर्षों से संबंधित कुल करीब 116 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है जबकि एक वर्ष पहले इस मद पर करीब सात करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
कंपनी के बयान के मुताबिक उसके निदेशक मंडल ने श्री तचत विश्वनाथ (टीवी) नरेंद्रन को पुन: कंपनी के वैश्विक सीईओ और प्रबंध निदेशक के पद पर पांच साल के लिए नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। यह प्रस्ताव शेयरधारकों की स्वीकृति के बाद लागू होगा। एकल आधार पर टाटा स्टील कंपनी ने पहली तिमाही में शुद्ध लाभ करीब 4271 करोड़ रुपये दिखाया है जो एक साल पहले के 6114 करोड़ रुपये की तुलना में 30 प्रतिशत कम है। पहली तिमाही में कंपनी की एक आधार पर परिचालन आय करीब 32,342 करोड़ रुपये रही जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 32,021 करोड़ रुपये थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *