बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोड शो के दौरान कई लोगों की जेब काटने के आरोप में धार जिले के बाग थाना क्षेत्र के एक सरपंच व पंच समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बड़वानी कोतवाली प्रभारी सोनू शितोले ने बताया कि धार जिले के देवदा ग्राम पंचायत के सरपंच सुभान भूरिया, पंच पान सिंह भूरिया तथा दो अन्य इंदर सिंह चौहान और प्रकाश बामनिया को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 1.17 लाख रु नगद, 4 मोबाइल और एक कार भी जब्त की गई है।
उन्होंने बताया कि कई लोगों ने शिकायत की थी कि मुख्यमंत्री के 16 जुलाई को बड़वानी में रोड शो के दौरान उनकी जेब कट गई है। मुखबिर की सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग कुक्षी में जेब काटने आए हैं। इस पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 16 जुलाई को मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान चार अलग-अलग स्थानों पर जेब काटी है। उन्होंने बताया कि वे सार्वजनिक समारोह व आयोजनों का पता कर वहां जाकर जेब काटने का काम करते हैं।वे स्वयं को पार्टी कार्यकर्ता बताकर विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो जाते थे और धक्का-मुक्की कर जेब काट लेते थे। उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के नीमच खरगोन धार और रतलाम में भी अपराधिक रिकॉर्ड है। आरोपियों को आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जेब काटने वाले चार गिरफ्तार
