करीब 1500 ग्रामीण संकट में
भूपालपल्ली : तेलंगाना के भूपालपल्ली में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण जिले का मोरंचापल्ली गांव बाढ़ के पानी में डूब गया है, जिससे करीब 1500 लोग गहरे संकट का समाना कर रहे हैं। मोरंचा नदी के उफनने के कारण बाढ़ का पानी मोरंचापल्ली गांव के घरों में घुस गया है, जिससे करीब 1500 निवासी को घर की छतों और यहां तक कि ऊंचे पेड़ों पर सुरक्षित स्थान पर रहना पड़ रहा है। जो बचाव कर्मियों की ओर टकटकी लगाए हुए है।
बाढ़ के कारण भूपालपल्ली-पारकल राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। जिले के कुछ स्थानों पर बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण लॉरियां डूब गयी हैं। मंत्री एर्राबेल्ली दयाकर राव ने कहा कि प्रभावित लोगों को बचाने के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को मुलुगु और वारंगल से नावों के साथ भेजा गया है।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव से बचाव कार्यों के लिए हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। खराब मौसम होने के कारण हालाँकि चुनौतियाँ का सामना करना पड़ रहा है। जिससे फिलहाल हेलीकॉप्टर की आवाजाही में बाधा आ रही है। अनौपचारिक रिपोर्टों के अनुसार बाढ़ में एक महिला सहित तीन ग्रामीण लापता हैं, लेकिन अधिकारियों ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अंजनी कुमार ने ट्विटर पर कहा कि भूपालपल्ली जिला पुलिस बाढ़ से गंभीर रूप से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधीक्षक पुल्ला करुणाकर और अन्य अधिकारी फंसे हुए लोगों के संपर्क में हैं। उन्होंने ट्वीट किया, “सभी सुरक्षित हैं। बचाव और राहत अभियान जारी है।”
