रीवा : नरेंद्र सिंह तोमर ने विपक्षी दलों के ‘महागठबंधन’ को लेकर आज उन पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में जिस तरह से भ्रष्ट्राचार पर प्रहार किया गया है, उसी का परिणाम है कि आज भ्रष्ट नेता महागठबंधन कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के रीवा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मेलन यहां तोमर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में आमलूचल परिवर्तन आया है। भ्रष्टाचार पर जो प्रहार हुआ है, उसी का परिणाम है कि आज भ्रष्ट नेताओं का महागठबंधन हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार, अनैतिकता, अराजकता से कभी समझौता नहीं किया।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि हमारी हमेशा प्राथमिकता रही है सुशासन, विकास के लिए काम करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने देश की साख पूरी दुनिया में बढ़ाई हैं। हमारा लक्ष्य है 2047 में भारत माता परम वैभव पर स्थापित हों। आज पूरे देश और प्रदेश में अलग प्रकार का परिवर्तन दिखाई दे रहा है। आने वाले कल में भारत श्रेष्ठ भारत बनें, इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। वर्ष 2024 में लोकसभा और उससे पहले 2023 में मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतना हमारा लक्ष्य है। मप्र स्वर्णिम प्रदेश बनें और भारत श्रेष्ठ भारत बनें, इसके लिए 2023 और 2024 का चुनाव जीतना हम सबके लिए आवश्यक है। इसलिए आज से ही संकल्प लेकर जुट जाएं।
तोमर ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता देवदुर्लभ है, जब वह कोई संकल्प लेते हैं, तो उसे पूरा भी करते है। पहले के विधानसभा चुनाव इसके साक्षी है। श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। जीडीपी की दृष्टि से मप्र अग्रणी राज्य है। वहीं कृषि में नंबर वन दिखाई देगा। सड़कों के निर्माण, उद्योगों के विकास में मप्र अग्रणी राज्य है। मप्र का ऐसा कोई क्षेत्र एवं कोई वर्ग नहीं मिलेगा, जहां भाजपा की सरकार ने विकास नहीं किया हों।
मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक ने कहा कि बाणसागर परियोजना वर्षो तक लंबित रही। भाजपा की सरकार नहीं बनती तो यह परियोजना पूर्ण नहीं हो पाती। वर्ष 2003 में जब भाजपा की सरकार बनी, तब प्रधानमंत्री सड़क योजना को दो साल बीत चुके थे, लेकिन प्रदेश में इस योजना में सड़कें बनने का काम कांग्रेस ने नहीं किया। सभी सड़कें बनाने का काम भाजपा सरकार ने ही किया। लोग नारे लगाते थे, चारों तरफ अंधेरा है, पहरेदार लुटेरा है। उन्होंने कहा कि अब तो मप्र नंबर वन टाइगर स्टेट भी हो गया है।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव चुनौती बनकर खड़ा है और सच्चा कार्यकर्ता वहीं है, जो इस चुनौती को स्वीकार करता है और विजय प्राप्त करता है। चुनाव जीतने का श्रेय हमारे कार्यकर्ताओं को ही जाता है। श्री तोमर ने कहा कि हम जहां कहीं भी, किसी भी भूमिका में रहें, हमारे ध्यान में यह रहना चाहिए कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं और इस रूप में हमें गर्व है। इसलिए कि दुनिया के राजनीतिक परिदृष्य पर देखेंगे तो एक ही पार्टी दिखाई देगी, भाजपा जो कार्यकर्ता और विचार आधारित पार्टी है। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी पार्टी की रीढ़ है।
भ्रष्ट्राचार पर प्रहार का परिणाम है महागठबंधन
