प्रयागराज : इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने सोमवार को माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की याचिका पर गाजीपुर की स्पेशल कोर्ट से रिकॉर्ड नहीं आने की वजह से सुनवाई टाल दी। गाजीपुर की निचली अदालत से रिकार्ड भेजने को लेकर फिर से रिमाइंडर भेजा गया है। कोर्ट मुख्तार अंसारी की अर्जी पर अब 29 अगस्त को सुनवाई करेगी। आज उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से याचिका पर जवाब दाखिल किया गया।
मुख्तार अंसारी की गैंगस्टर मामले में मिली 10 साल की सजा के खिलाफ दाखिल अपील पर आज सुनवाई होनी थी। जस्टिस राजवीर सिंह की सिंगल बेंच में मामले की सुनवाई हुई। मुख्तार अंसारी को 29 अप्रैल को गाजीपुर की स्पेशल कोर्ट से गैंगस्टर मामले में 10 साल की सजा मिली थी। इस सजा के खिलाफ मुख्तार अंसारी ने हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की है। अभी फिलहाल सजा पर रोक लगाए जाने और जमानत दिए जाने को लेकर याचिका पर सुनवाई होनी है।
