नैनीताल : उत्तराखंड के रूद्रपुर में दोहरा हत्याकांड सामने आया है। हत्यारा सो रहे पति-पत्नी का गला रेत कर फरार हो गया।
यहां मिली जानकारी के अनुसार रूद्रपुर सिडकुल में काम करने वाले संजय यादव बुधवार रात को अपनी पत्नी सोनाली, दो बच्चों और सास गौरी के साथ ट्रांजिट कैम्प स्थित अपने घर में सो रहा था। देर रात को घर में घुस कर हत्यारे ने उन पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हत्यारे ने पहले सो रहे संजय का गला रेता और उसके बाद सोनाली की भी गला रेतकर दर्दनाक हत्या कर दी। इस घटना में जब सास गौरी बचाव करने आयी तो हत्यारे ने उस पर भी हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्चों की चीख पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर जमा हुए और पुलिस को फोन किया। इस बीच हत्यारा चाकू लहरा कर फरार हो गया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल गौरी को अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर हत्यारे की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना में दोनों बच्चे बाल बाल बच गये।
दंपत्ति का गला रेत कर हत्यारा फरार
