गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

हिमाचल में बारिश का कहर जारी

शिमला : हिमाचल प्रदेश के लगातार हो रही बारिश अपना कहर बरपा रही है। जहां नदी-नाले अपने उफान पर हैं, वहीं दूसरी ओर लोगों को अपने गंतव्य की और पहुंचने में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार देर रात सुंदरनगर उपमंडल में हुई बारिश के कारण सुंदरनगर-करसोग हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आने के कारण हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया है, जिसकी बहाली के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर कार्य कर रही है।
बुधवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के कारण रात करीब दो बजे सुंदरनगर-करसोग हाईवे पर भग्यार के समीप भूस्खलन होने से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इसकी चपेट में एक आई 20 कारें भी आ गई, लेकिन गनीमत यह रही की कार सवार दो लोगों ने भागकर अपनी जान बचा ली। मलबा आने से देर रात से हाईवे पूरी तरह से बंद पड़ा है। सड़क मार्ग बंद होने से दोनों ओर जाम की स्थिति पैदा हो गई है और लोगों को वैकल्पिक मार्ग के माध्यम से सफर करना पड़ रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए उपमंडल अधिकारी सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण देर रात सुंदरनगर-करसोग हाईवे पर भग्यार के समीप भारी मात्रा में मलबा गिरने के कारण हाईवे बंद हो गया है। हाईवे की बहाली के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम कार्य में जुटी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हाईवे को बहाल कर दिया जाएगा।
कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 के ढहे हिस्से में लगातार भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में अब यहां पर फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी के लिए काम करना भी चुनौती बन गया है। वहीं अब दत्यार की तरफ सड़क पर दरारें पड़नी शुरू हो गईं है। कुमारहट्टी से चक्कीमोड़ तक हाईवे पर केवल लोकल वाहन ही आवाजाही कर रहे हैं। जबकि लंबे रूट की बसें और ट्रकों को कुमारहट्टी से नाहन होकर चंडीगढ़ भेजा जा रहा है।
चक्कीमोड़ के समीप सड़क का 40 मीटर हिस्सा ढह गया था। इसके बाद बुधवार दोपदर 12रू45 बजे पहाड़ी वाली लेन से मलबा हटाकर सड़क से कुछ हल्के वाहनों को ट्रायल के तौर पर निकाला गया। लेकिन कुछ ही देर बाद यहां पर फिर भूस्खलन हो गया और सड़क बंद हो गई। इस सड़क को छोटी गाड़ियों के लिए बहाल किया गया लेकिन चंद मिनटों के बाद मूसलाधार बारिश हो गई और 4 बजे सड़क का बचा हिस्सा भी ढह गया। जिससे अब यहां पर आवाजाही पूरी तरह ठप है। पुलिस की ओर से वैकल्पिक सड़कों से ट्रैफिक निकाला जा रहा है लेकिन इन सड़कों पर जाम की समस्या बन रही है।
हिमाचल के जिला पुलिस सोलन ने रूट प्लान जारी किया है। वैकल्पिक सड़क का इस्तेमाल कर लोग गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। धर्मपुर-कसौली-परवाणू, कुमारहट्टी-नाहन, कुमारहट्टी-भोजनगर-नारायणी-परवाणू सड़क इसमें शामिल है। अधिकतर लोगों ने इसी सड़क का इस्तेमाल किया। इसमें बसों को कुमारहट्टी से नाहन होते चंडीगढ़ भेजा गया। साथ ही छोटे वाहनों को कसौली-परवाणू और जोहड़जी परवाणू का विकल्प दिया गया। शिमला से चंडीगढ़ जाने के लिए जुब्बड़हट्टी-कुनिहार-नालागढ़-सिसवां रूट का इस्तेमान कर सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *