गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ऑटो पलटा : दो की मौत, कई घायल

प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश के प्रताप गढ़ जिले में घुइसरनाथ धाम दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा आटो लोडर शुक्रवार को अचानक पलट जाने से उसमें सवार दो किशोरियों की मौत हो गयी जबकि कई अन्य घायल हो गये। बताया जा रहा है कि संग्रामगढ़ थाना के लालूपटटी गांव से आज सुबह श्रद्धालु एक आटो लोडर से बाबा घुइसरनाथ दर्शन करने निकले। लालगंज कोतवाली के कालाकांकर मार्ग से भेभौंरा के समीप मोड़ पर अचानक लोडर का संतुलन बिगड़ गया। लोडर वाहन पलटा खाकर बगल खडढ़ मे जा गिरा। वाहन के पलटते ही घायलों मे चीखपुकार मच गयी। चीखपुकार सुन आसपास के लोग तथा राहगीर मौके पर पहुंच गये।
सूचना मिलने पर लालगंज कोतवाल अवन दीक्षित भी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को आननफानन मे एम्बुलेंस तथा पुलिस वाहन से लालगंज ट्रामा सेण्टर पहुंचवाया गया। यहां चिकित्सकों ने पूरे शिवावैश्य निवासी सुरेश की पुत्री कोमल (18) व लालूपटटी के रामसुमेर की पुत्री सीमा (18) को मृत घोषित कर दिया। कोमल लालूपटटी रिश्तेदारी में गयी हुई थी। वह भी दर्शन को रिश्तेदारों के साथ लोडर पर सवार हो गयी।
वहीं गंभीर स्थिति में लालूपटटी गांव के झगरू की पत्नी राजकली (55) व शंकर की पत्नी नीशा (23) को चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति में प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों में गांव के रामसुमेर सरोज (48) तथा उसका नाती हीरा लाल का पुत्र राघव 03, रामसुमेर की पुत्री खुशबू (22) व पुत्र राजा सरोज (13), झगरू का पुत्र राज (12), रिंकू की पत्नी अंशू (34), रामसुमेर की पत्नी सूरसती (42), बसंत लाल की पत्नी पूनम( 40), चालक मनोज (25) पुत्र गिरधारी, रिंकू का पुत्र रिषभ (02) व पुत्री अंशिका (06), झगरू का पुत्र अभिषेक (17), बसंतलाल का पुत्र अमित (14) हैं।
ट्रामा सेण्टर मे इलाज के दौरान अफरातफरी का माहौल दिखा। जानकारी मिलने पर एसडीएम लालधर सिंह यादव तथा सीओ रामसूरत सोनकर भी ट्रामा सेण्टर पहुंच गये। पुलिस ने मृतक सीमा तथा कोमल के शव का पंचनामा कर जिला मुख्यालय भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *